

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोटा और कोनी थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 30 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 6,200 रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोटा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बेलटुकरी में दबिश देकर गंगा वर्मा (36) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 लीटर क्षमता की प्लास्टिक जरीकेन में रखी 6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी कीमत 1,200 रुपये आंकी गई है। आरोपी महिला पर अवैध रूप से महुआ शराब बेचकर धनार्जन करने का आरोप है।
वहीं, कोनी थाना पुलिस ने ग्राम निरतु में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए रामस्वरूप सूर्यवंशी (42) और जयकरण सूर्यवंशी (25) को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 12-12 लीटर, कुल 24 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 5,000 रुपये है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
