
बिलासपुर। इस वर्ष जुलाई माह में बिलासपुर जिले में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अल नीनो प्रभाव और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मानसून की सक्रियता कमजोर बनी हुई है, जिससे पूरे महीने वर्षा सामान्य से कम रह सकती है। हालांकि 9 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ बढ़ोतरी के संकेत हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जुलाई के पहले सप्ताह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 7 और 8 जुलाई को वर्षा की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं, जबकि 9 जुलाई से एक बार फिर हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है।
इस वर्ष जून महीने में भी जिले में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई। शहर में सामान्य से 77.7 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 83.7 प्रतिशत कम वर्षा हुई, जिसका असर खेती-किसानी पर भी पड़ा है। पर्याप्त बारिश नहीं होने से कई स्थानों पर बुआई का कार्य प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि अल नीनो के प्रभाव से मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं। वहीं बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमीयुक्त हवाओं का प्रवाह भी सामान्य नहीं है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से भी वर्षा की तीव्रता प्रभावित हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार जुलाई के दूसरे सप्ताह के बाद मानसून कुछ सक्रिय हो सकता है और बारिश की मात्रा में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में जुलाई महीने की औसत वर्षा 317.3 मिलीमीटर है और सामान्यतः लगभग 16 दिन वर्षा होती है। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहता है।
पिछले वर्षों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में जुलाई में 637.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी, जो सर्वाधिक रही। वहीं 24 जुलाई 2021 को 24 घंटे में 123.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसके विपरीत वर्ष 2018 में जुलाई के दौरान सबसे कम 195.9 मिलीमीटर वर्षा हुई थी, जबकि वर्ष 2023 में 256.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी, जो औसत से कम थी।
