
बिलासपुर। मंगला वार्ड क्रमांक-13 में दूषित पानी और पीलिया की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर सर्वे अभियान शुरू किया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 100 घरों का सर्वे किया। जांच के दौरान तीन लोगों में सामान्य उल्टी-दस्त की शिकायत मिली, जिन्हें मौके पर ही दवाइयां उपलब्ध कराकर उपचार शुरू किया गया। राहत की बात यह रही कि सर्वे में पीलिया का कोई नया मरीज सामने नहीं आया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि मंगला वार्ड में दूषित पानी और उल्टी-दस्त की शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में व्यापक सर्वे किया। टीम ने घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उल्टी-दस्त, बुखार, पेट दर्द तथा पीलिया जैसे लक्षणों की जांच की।
उन्होंने बताया कि सर्वे के दौरान तीन लोगों में सामान्य उल्टी-दस्त की शिकायत मिली, जिन्हें तत्काल दवा देकर उपचार शुरू कर दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में पीलिया का कोई नया मरीज नहीं मिला है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इससे पहले इसी इलाके में पीलिया के आठ मरीज मिले थे। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराया गया और अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
सर्वे के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को केवल स्वच्छ और उबला हुआ पानी पीने, भोजन में स्वच्छता बरतने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी।
इधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में समय-समय पर गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई होने की समस्या बनी रहती है। लोगों ने पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि दूषित पानी की आपूर्ति पर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
