
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 284 ग्राम गांजा और बिक्री की 140 रुपये की नकदी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 13 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 535/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गया राम ढीमर (32 वर्ष), निवासी ग्राम लिटिया, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लिटिया में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 284 ग्राम गांजा और बिक्री की रकम 140 रुपये बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक नहारूराम साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक नंद कुमार यादव, मनमोहन कोसले, दीप सिंह कंवर और महिला आरक्षक दीपिका लोनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
