
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवापारा में बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर मकान और मछली दुकान में जा घुसी। हादसे में दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि घटना के समय दुकान और घर में मौजूद लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे शहीद भगत सिंह स्कूल के पास रहने वाली सुनीता केंवट अपने घर पर थीं। इसी दौरान सीजी 12 बीजे 7825 नंबर की थार अचानक अनियंत्रित हो गई और उनके मकान तथा मछली दुकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी।
घटना के समय सुनीता के पति रेशम लाल केंवट और आसपास के लोगों ने हादसा देखा। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में मकान और दुकान को नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद सुनीता केंवट ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
