
बिलासपुर। कोनी क्षेत्र में स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के पास शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय बाइक चालक नशे की हालत में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चकरभाठा क्षेत्र के इंदिरा आवास, परसदा निवासी मनमोहन निर्मलकर अपने एक दोस्त के साथ देर रात करीब 1 बजे बाइक से रतनपुर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि मनमोहन शराब के नशे में था और तेज गति से बाइक चला रहा था।
जब उनकी बाइक कोनी रोड स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित बाइक सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के पीछे बैठा युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि मनमोहन बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया।
हादसे में मनमोहन के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मनमोहन की मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नशे की हालत को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
