
शशि मिश्रा
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र की एक महिला के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों द्वारा 75 हजार रुपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि महिला को न तो किसी प्रकार का कॉल आया और न ही उन्होंने किसी को ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा की थी। इसके बावजूद उनके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से रकम पार कर दी गई।
पुलिस के अनुसार राजकिशोर नगर, सरकंडा निवासी उर्मिला पराते गृहिणी हैं। जब वह बैंक संबंधी कार्य के लिए पहुंचीं तो उन्हें खाते से राशि निकाले जाने की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि उनके खाते से एक और दो हजार रुपये की कई किस्तों में कुल 75 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने महिला के बैंक खाते और ट्रांजेक्शन संबंधी जानकारी जुटाकर जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगी की इस वारदात में रकम किन खातों में भेजी गई और ठगी कैसे की गई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
