
शशि मिश्रा
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सुबह फूल तोड़ने निकली एक महिला से अज्ञात बदमाशों ने चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी क्षेत्र निवासी शोभा साहू (50 वर्ष) अपने घर के बाहर स्थित शिव मंदिर के पास फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान आश्रम परिषद की ओर से दो बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने महिला को धक्का देकर उनके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि लूटी गई सोने की चेन का वजन लगभग एक तोला था। घटना के बाद महिला ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी यशवंत प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में पतासाजी की जा रही है तथा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस चेन स्नेचिंग की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
