

बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने अवैध उगाही, मारपीट और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर चकरभाठा और बिल्हा क्षेत्र में क्रेशर में चलने वाले ट्रकों के चालकों से अवैध वसूली कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 12 बिल्हा निवासी महेश शर्मा ने 17 जून को थाना बिल्हा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 16 जून की दोपहर ग्राम पंचायत दुर्गडीह निवासी सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे अपने भाई दिलेश घृतलहरे तथा अन्य साथियों सोना कोसले, नारायण रात्रे, सुनील अनंत सहित कई लोगों के साथ क्रेशर में चलने वाले ट्रक चालकों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसों की मांग कर रहा था।
आरोप है कि आरोपियों ने ट्रक चालक पुन्नू यादव तथा मोनू राजपाल के चालक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही क्रेशर संचालकों को चेतावनी दी कि जब तक पैसे नहीं दिए जाएंगे, तब तक वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। आरोपी ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर रॉयल्टी की जांच भी कर रहे थे। इस दौरान वे शासन-प्रशासन को चुनौती देते हुए क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे (44 वर्ष), निवासी कनेरी, थाना चकरभाठा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ अवैध उगाही और मारपीट की घटना को स्वीकार किया।
पुलिस ने घटनास्थल से टेंट और कुर्सियां भी जब्त की हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 18 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, पीएसआई करन राज बघेल, आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से आसपास के गांवों में शांति का माहौल बना है।
