
बिलासपुर। नेशनल हाईवे पर बिना सुरक्षा संकेतों के भारी वाहन खड़ा करना दो चालकों को महंगा पड़ गया। कोनी पुलिस ने होटल-ढाबा चेकिंग और रात्रि गश्त के दौरान लापरवाही बरतने वाले दो ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन जब्त कर लिए। दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे नेशनल हाईवे-130 स्थित सेंदरी चौक मेन रोड पर 16 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 15 ईबी 8420 सड़क किनारे खड़ा मिला। जांच में पता चला कि चालक अशोक कुमार पाल (45), निवासी रनिया, कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश), ट्रक को बिना किसी सुरक्षा संकेत या पार्किंग व्यवस्था के खड़ा कर मौके पर खाना बना रहा था। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
इसके बाद रात करीब 10 बजे ग्राम गतौरी ओवरब्रिज पर पुलिस ने 14 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 07 एडब्ल्यू 8003 को भी खतरनाक स्थिति में खड़ा पाया। चालक शिव कुमार सिन्हा (49), निवासी मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा, वाहन को बिना पार्किंग लाइट और इंडिकेटर के सड़क पर छोड़कर खड़ा किया था।
पुलिस ने दोनों मामलों में पंचनामा कार्रवाई करते हुए चालकों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिए। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह की लापरवाही गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है, इसलिए ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
