डामर की दोगुनी कीमत ने रोका 40 फीट सड़क का काम, कई जगहों से बेजा कब्जा भी नहीं हटाया जा सका

शशि मिश्रा

बेजा कब्जा के चलते मरीमाई बाईपास रोड चौड़ीकरण का काम रुका पड़ा है। कुछ दिन पहने महापौर और पार्षदों ने इसका भूमिपूजन भी किया था लेकिन डामर की कीमत दोगुनी होने के कारण सड़क नहीं बन पा रही है। फिलहाल नाली का काम चल रहा है।

महापौर श्रीमती पूजा विधानी के मुताबिक ठेकेदार को जल्द सड़क बनाने कहा गया है। दूसरी ओर सड़क के किनारे मकान, दुकान और होटल के अतिक्रमण पहले हटा लिए गए हैं लेकिन सड़क किनारे कुछ पेड़ और कब्जे बचे हैं जिसे हटाने की अनुमति नहीं मिल सकी है। ठेकेदार रितेश सिंह के मुताबिक पहले डामर की कीमत 50 हजार रुपए टन थी जो अब बढ़कर एक लाख रुपए टन हो गई है। ऐसी स्थिति में टेंडर और वर्क आर्डर के हिसाब से काम करना थोड़ा मुश्किल है। फिर भी सड़क गुणवत्तापूर्ण और जल्दी बना ली जाएगी। गौरतलब है कि लिंक रोड पर ट्रैफिक को स्मूद करने के लिए चार साल पूर्व मरीमाई बाईपास रोड के चौड़ीकरण का ब्लू प्रिंट तैयार किया गया था। सड़क को 40 फिट चौड़ा किया जाना है।

चौड़ीकरण की योजना बनाने के साथ ही स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने दो करोड़ रुपए का वर्क आर्डर 4 साल पहले जारी किया था। वर्क आर्डर के मुताबिक रोड चौड़ीकरण का काम जल्दी होना था लेकिन कब्जा हटाने में देरी हुई तो ठेकेदार को दो बार एक्सटेंशन भी दिया गया। इसके बाद तात्कालिस नगर निगम के सभापति शेख नजीरुद्दीन की

पहल पर कब्रिस्तान और मरीमाई मंदिर की बाउंड्री संचालन समितियों ने हटा दी है। उसका अतिक्रमण हटाया गया और कुछ दूरी तक नाली और फुटपाथ का निर्माण किया गया। आगे के हिस्से में बेजा कब्जा नहीं हटने के कारण काम रूका रहा और लोगों को आवागमन में परेशानियां होती रहीं।

20 फीट सड़क कब्जा के भेंट चढ़ चुकी

स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने मरीमाई रोड के चौड़ीकरण के साथ ही रोड के दोनों ओर फुटपाथ और निकासी के लिए नाली निर्माण का प्रावधान किया है। पूरी रोड का रिनीवल कोड होगा। इसके अतिरिक्त दोनों तरफ स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। दर असल मगरपारा चौक से मरीमाई रोड होते हुए भारत चौक तक की सड़क की लंबाई राजस्व रिकार्ड में 40 फीट है लेकिन लगभग 20 फीट सड़क कब्जा के भेंट चढ़ चुकी है।

डेढ़ किमी कम होगी व्यापार विहार की दूरी

गौरतलब है कि लिंक रोड का ट्रैफिक डायवर्ट करने तथा तालापारा से पं. दीनद‌याल उपाध्याय चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग और व्यापार विहार तक आसान पहुंच के लिए मरीमाई बाईपास रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू कराया गया। वर्तमान में व्यापार विहार पहुंचने के लिए लोगों को सत्यम चौक, अग्रसेन चौक और श्रीकांत वर्मा मार्ग तक तीन ट्रैफिक सिग्नल पार करना पड़ता है। साथ ही लिंक रोड हैवी ट्रैफिक को संभाल नहीं पा रहा है. इसलिए मरीमाई रोड के विकल्प पर विचार किया गया। मरीमाई रोड बन जाने से तालापारा से व्यापार विहार की दूरी डेढ़ किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे समय और इंधन की बचत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!