

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-46 नयापारा गणेश नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए हत्या के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा (26 वर्ष) का शव सुबह गली में पड़ा मिला। शव के आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को दो बड़े सीमेंटनुमा पत्थर मिले, जिनसे वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। इरफान के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। वहीं पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इरफान बघीरा का नदीम खान और नईम खान से गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर मामला हिंसक झगड़े में बदल गया, जिसमें इरफान पर पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सगे भाई नदीम खान और नईम खान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
