ऑपरेशन के बाद महिला की मौत: गायनाकोलॉजिस्ट समेत दो डॉक्टरों को नोटिस

रतनपुर में निजी मातृका नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहल झा और एनेस्थेटिस्ट डॉ. निधि कोराम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों से निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा गया है।

मामला 50 वर्षीय कुमारी बाई की मौत से जुड़ा है। परिजनों का आरोप है कि पेट दर्द की शिकायत पर महिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी, जहां उसे निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई। आरोप है कि ऑपरेशन के लिए 38 हजार रुपये तय किए गए थे, जिसमें 15 हजार रुपये अग्रिम जमा कराए गए। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों के अनुसार जवाब प्राप्त होने के बाद विशेषज्ञों की जांच समिति गठित की जाएगी, जो उपचार प्रक्रिया, ऑपरेशन की परिस्थितियों, रेफरल की आवश्यकता तथा मृत्यु के कारणों की विस्तृत जांच करेगी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, मृतका के परिजनों ने दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला सरकारी अस्पताल के डॉक्टर द्वारा निजी अस्पताल में उपचार संबंधी आरोपों के कारण भी चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!