

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार चिंगराजपारा स्थित दारूभट्टी के पास आरोपियों ने एक राय होकर प्रार्थी के साथ मारपीट की थी। इस मामले में थाना सरकंडा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास यादव (21) निवासी नूतन चौक अटल आवास सरकंडा, मानव ध्रुव (19) निवासी बहतराई अटल आवास, राहुल गोंड़ (23) तथा ज्ञान सिंह गोंड़ (30) निवासी रिकांडो अटल आवास शामिल हैं।
पुलिस ने कहा है कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट कर दहशत फैलाने वाले तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
