
बिलासपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसएसपी रजनेश सिंह ने रविवार देर रात पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस सूची में 4 उप निरीक्षक (एसआई), 2 सहायक उप निरीक्षक (एएसआई), 2 प्रधान आरक्षक और 10 आरक्षक शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार, सरकंडा में पदस्थ एसआई व्यास नारायण बनाफर को बेलगहना चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह को थाना सिविल लाइन भेजा गया है। रक्षित केंद्र से एसआई गुलाल सोनवानी को थाना चकरभाठा में पदस्थ किया गया है। वे वहां बीडीएस टीम प्रभारी का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे। वहीं एसआई अमृत साहू को रतनपुर से सकरी थाना भेजा गया है।
एएसआई विमला मनहर का तबादला तोरवा से सरकंडा तथा ओंकार प्रसाद बंजारे का पचपेड़ी से सकरी किया गया है। प्रधान आरक्षक प्रफुल्ल सिंह को बेलगहना चौकी से पुलिस सहायता केंद्र मोपका और विकास सेंगर को सिविल लाइन से रतनपुर थाना भेजा गया है।
इसके अलावा आरक्षक संजय कुमार यादव और गोविंदा जायसवाल को रतनपुर से मस्तूरी, आशीष वस्त्रकार को जूनापारा से तखतपुर, धनेश साहू को रक्षित केंद्र से यातायात थाना, अंकेश केशकर को लाइन से पचपेड़ी, ज्ञानेश्वर यादव को रक्षित केंद्र से मोपका सहायता केंद्र, मुकेश राय को रक्षित केंद्र से तोरवा, आशीष शर्मा को सकरी से सिरगिट्टी, अशफाक खान को सकरी से सरकंडा तथा संतोष राठौर को सरकंडा से सकरी स्थानांतरित किया गया है।
कबाड़ वाहन प्रकरण में दो आरक्षक लाइन अटैच
इसी बीच सिरगिट्टी थाने में पदस्थ आरक्षक सुशील कुमार बंजारे और प्रकाश तिवारी को एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 2 जून को दोनों आरक्षक बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए सिविल ड्रेस में ग्राम सिलपहरी पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक कबाड़ से भरे वाहन को रोक लिया। आरोप है कि सुशील कुमार ने स्वयं को थाना प्रभारी बताकर प्रकाश तिवारी के माध्यम से वाहन मालिक से फोन पर बातचीत कराई और कथित रूप से रुपये की मांग की। रकम की मांग बढ़ने पर कबाड़ मालिक थाने पहुंचा, जहां उसे पता चला कि थाना प्रभारी की ओर से कोई बातचीत नहीं की गई थी।
मामले की जांच के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर एसएसपी ने दोनों आरक्षकों को तत्काल लाइन अटैच करने के निर्देश जारी किए हैं।
