पूर्व एल्डरमैन पर वीडियो की धमकी का आरोप, पत्नी ने घर में घुसकर महिला से की मारपीट

बिलासपुर। मंगला क्षेत्र के शुभम विहार में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व एल्डरमैन की पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विवाद की शुरुआत पूर्व एल्डरमैन द्वारा वीडियो होने की धमकी देने से हुई थी, लेकिन पुलिस ने फिलहाल उसे आरोपी नहीं बनाया है।

जानकारी के अनुसार शुभम विहार निवासी लक्ष्मी बजाज (38) रविवार शाम करीब 5:30 बजे अपने बेटे के साथ घर पर थीं। इसी दौरान पूर्व एल्डरमैन श्याम लालचंदानी उनके घर पहुंचे और कथित तौर पर उन्हें यह कहते हुए धमकाने लगे कि उनके पास उनका वीडियो है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस चल रही थी।

आरोप है कि कुछ देर बाद श्याम लालचंदानी की पत्नी करिश्मा लालचंदानी भी वहां पहुंच गईं। करिश्मा ने घर में घुसते ही लक्ष्मी बजाज से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। घटना में लक्ष्मी की बाईं आंख, गले और बाएं घुटने में चोटें आई हैं।

मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लक्ष्मी के बेटे विवान बजाज को भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा, जिससे उसके पैर में चोट आई। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी महिला ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने करिश्मा लालचंदानी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पीड़िता का कहना है कि घटना के समय श्याम लालचंदानी भी मौके पर मौजूद थे और कथित वीडियो की धमकी भी उन्होंने ही दी थी, इसके बावजूद उनका नाम एफआईआर में शामिल नहीं किया गया।

इस संबंध में सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने कहा कि यदि जांच में पूर्व एल्डरमैन की भूमिका सामने आती है और यह पुष्टि होती है कि उन्होंने धमकी दी थी, तो उन्हें भी मामले में आरोपी बनाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!