
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को थाना रतनपुर में सूचना मिली कि शनिचरी चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शनिचरी चौक के आसपास घेराबंदी कर चाकू लहरा रहे युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सोम मरावी (19 वर्ष), पिता विजय मरावी, निवासी जुनाशहर, रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे जब्त कर उसे थाना लाया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल सिंह तथा पुलिसकर्मी पवन ठाकुर और धीरज कश्यप की विशेष भूमिका रही। रतनपुर पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
