
यूनुस मेमन
रतनपुर। थाना रतनपुर पुलिस ने कलमीटार रोड पर धारदार बटनदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि एक युवक कलमीटार रोड स्थित शराब भट्ठी के पास हाथ में बटनदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना किया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मनीष उर्फ बंधन गोस्वामी (22 वर्ष), निवासी करैहापारा, रतनपुर, को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल सिंह, आरक्षक पवन ठाकुर एवं देवानंद चन्द्राकर की सराहनीय भूमिका रही।
