
शशि मिश्रा

70 लाख के जेवर चोरी के मामले में नाबालिगों का अपहरण कर वसूली के लिए डराने धमकाने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सकरी टीआई उमेश साहू ने बताया कि पूर्व में आसमां सिटी निवासी सतीश मिश्रा के घर से 70 लाख रुपए के सोने के गहने चोरी हो गए थे। उन्होंने अपने बेटे से पूछताछ की तो उसने अपने नाबालिग दोस्तों के कहने पर जेवर चोरी कर उनको बेचने के लिए देना बताया। पहले सतीश मिश्रा ने बच्चों पर जेवर लौटाने के लिए दबाव बनाया। उन्होंने इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी किया था । बात नहीं बनने पर अपने साथियों को फर्जी क्राइम ब्रांच बनाकर डराया धमकाया। नहीं मानने पर उसने नाबालिगों को जबरदस्ती चार पहिया वाहन में बैठाकर पुलिस लाइन लाकर कार्रवाई करने का भय दिखाया, उसके नेहरू चौक में नाबालिगों को छोड़ दिया था।
4 जून को उक्त मामले में फरार आरोपी कोटा नेवरा निवासी विनय साहू पिता स्व. दशरथ साहू 30 साल को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व में पुलिस ने उक्त मामले में आरोपी सतीश मिश्रा आसमा सिटी, आशीष शर्मा अभिषेकनगर मंगला, प्रभात ठाकुर बंधवापारा सरकण्डा, योगेश पाण्डेय शारदा विहार उसलासपुर निवासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
