
शशि मिश्रा

बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित मोहभट्टा मेला परिसर में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक हादसा सामने आया है। मेंटेनेंस कार्य के दौरान खंभे पर चढ़कर काम कर रहा एक ठेका कर्मचारी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम की है। मोहभट्टा मेला परिसर में विद्युत लाइन के रखरखाव का कार्य चल रहा था। संबंधित लाइन पर कार्य करने के लिए विभाग से विधिवत परमिट लेकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई थी। इसके बावजूद खंभे पर चढ़कर मरम्मत कर रहा ठेका कर्मचारी अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कर्मचारी बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी किट के काम कर रहा था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक करंट लगने से युवक के शरीर का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इधर विभागीय अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लाइन बंद थी, लेकिन रिटर्न करंट आने के कारण कर्मचारी हादसे का शिकार हुआ। वहीं यह सवाल भी उठ रहे हैं कि ठेकेदार ने कर्मचारी को हैवी लाइन पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बिना काम पर क्यों लगाया।
घटना के बाद विद्युत विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
