NEET पेपर लीक के विरोध में बिलासपुर में NSUI का उग्र प्रदर्शन, सांसद निवास घेराव के प्रयास पर पुलिस से झड़प, निरंकुश आंदोलनकारी पर करना पड़ा बल प्रयोग

शशि मिश्रा

बिलासपुर, 3 जून। NEET पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को बिलासपुर में NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सांसद तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत NSUI कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता बड़ी संख्या में एकत्र होकर रैली के रूप में सांसद निवास की ओर बढ़े। प्रशासन ने पहले से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए सांसद निवास जाने वाले मार्गों पर बहुस्तरीय बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल तैनात किया था।

रैली के बैरिकेड तक पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए, जबकि अन्य ने उसे हटाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की में बदल गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछारों के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे और “पेपर लीक पर जवाब दो” जैसे नारे लगाते रहे। कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी बैरिकेड तक पहुंचे। धक्का-मुक्की के दौरान उनका कुर्ता फट गया। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर अनावश्यक बल प्रयोग का आरोप लगाया, जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा कारणों से आवश्यक कार्रवाई की गई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की।

आंदोलन को देखते हुए सांसद निवास के आसपास का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे। NSUI और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दे पर जवाबदेही तय होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!