
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में किराए के मकान में रह रहे एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया, जिसमें केवल “सॉरी” लिखा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अंबिकापुर निवासी 23 वर्षीय अभिषेक यादव, पिता गुरुप्रसाद यादव, उच्च शिक्षा के लिए बिलासपुर आया था। कॉलेज में दाखिला लेने के बाद वह सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
बताया गया कि गुरुवार को वह कॉलेज से लौटकर अपने कमरे में आया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो उसके दोस्तों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे के भीतर झांककर देखा तो अभिषेक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तत्काल सरकंडा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद कमरे की तलाशी ली। इस दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें केवल “सॉरी” लिखा हुआ था। नोट में आत्महत्या के कारण या किसी अन्य व्यक्ति का कोई उल्लेख नहीं मिला है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मृतक के परिजनों और उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है तथा मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
सरकंडा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
