

मुंगेली, 2 जून। मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत थाना लोरमी पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक लोरमी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम मोहतरा तेली निवासी विश्राम यादव ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे वह गांव के पैटू तालाब के पास गया था। वहां कमलेश यादव और गीताराम यादव बैठे हुए थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6-7 युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कमलेश यादव और गीताराम यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे विश्राम यादव पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकूनुमा हथियार से हमला कर दिया। हमले में विश्राम यादव के सीने के नीचे तथा कमलेश यादव के पेट में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी ले जाया गया, जहां से कमलेश यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल और बाद में मुंगेली के सिद्धार्थ अस्पताल रेफर किया गया।
मामले में थाना लोरमी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान कमलेश यादव की चोट गंभीर पाए जाने पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विशाल यादव (19 वर्ष), राजकुमार यादव (21 वर्ष) और मुकेश सिंह चौहान (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी लोरमी के तुलसाघाट क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने एक नाबालिग के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित थाना लोरमी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
