
यूनुस मेमन

रायपुर, 31 मई बिलासपुर की प्रतिष्ठित कवयित्री एवं शिक्षिका श्रीमती पूर्णिमा तिवारी को रायपुर में आयोजित एक भव्य साहित्यिक समारोह में “शब्द शिखर सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ की सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था “वक्ता मंच” द्वारा साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा रचनात्मक उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया।
रायपुर के वृंदावन सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भर के साहित्यकारों, कवियों एवं सांस्कृतिक हस्तियों की उपस्थिति रही। समारोह के दौरान सम्मानित कवयित्री पूर्णिमा की साहित्य साधना, शिक्षण कार्य एवं हिंदी साहित्य के प्रति समर्पण की सराहना की गई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने इसे अपने साहित्यिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें साहित्य सृजन के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, सहकर्मियों, साहित्य प्रेमियों एवं मार्गदर्शकों को दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बिलासपुर की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है तथा उनकी साहित्यिक यात्रा नई पीढ़ी के रचनाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
