
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव (गिरजाबंद) में शराब के नशे में एक बेटे ने अपने ही पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही समय में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को प्रार्थी विमल सूर्यवंशी ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके मामा शिवचरण सूर्यवंशी उर्फ पिंटू (38) ने स्वयं उसके घर पहुंचकर बताया कि उसने अपने पिता रिखीराम सूर्यवंशी की हत्या कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीकर घर लौटा था। इस दौरान खाट पर लेटे उसके पिता ने उसे डांटा, जिससे गुस्से में आकर उसने पास में पड़े लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रिखीराम सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी शिवचरण सूर्यवंशी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ और आरक्षक धीरज कश्यप की विशेष भूमिका रही।
