नवलपुर गुड़ फैक्ट्री में चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली, 29 मई 2026। मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत लोरमी पुलिस ने ग्राम नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूना और पिकअप वाहन सहित कुल 4 लाख 88 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी हेमंत कुमार कश्यप निवासी नवलपुर ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में स्थित बंद पड़ी महामाया गुड़ फैक्ट्री के कमरों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा मोटर, स्टार्टर, लोहे का कबाड़ी सामान एवं अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए हैं। मामले में थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 233/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी लोरमी श्री हरविंदर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 26 मई की रात फैक्ट्री में पुनः चोरी का प्रयास करते एक संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष देवार निवासी शिवघाट लोरमी बताया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथियों कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शिवा देवार, भोदू देवार, बिन्नू देवार और करनदाता देवार के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी संचालक शंकर देवार और असगर खान को भी हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान कीमती 28 हजार रुपये, एक एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, एक लूना और एक पिकअप वाहन सहित कुल 4 लाख 88 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मनीष देवार, कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शंकर देवार और असगर खान शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित थाना लोरमी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों एवं दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना में दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!