
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीआईएल) चांपा के लिए भेजे जा रहे कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने वाले तीन ट्रक ड्राइवरों को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने तीन ट्रेलर सहित लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, पीआईएल चांपा के वरिष्ठ सुरक्षाधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भास्करपारा कोल माइंस सूरजपुर से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में कोयला पीआईएल चांपा भेजा गया था।
आरोपी चालक अजमत अंसारी, रामचन्द्र और शेख सरफरोज 25 मई को कोयला लेकर रवाना हुए थे और 27 मई की दोपहर बाद प्लांट पहुंचे। जब आरएमएच विभाग में कोयला खाली कराया गया तो उसकी गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। जांच में कोयले में मिलावट किए जाने का खुलासा हुआ।
पूछताछ में ड्राइवरों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में ट्रेलरों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतार दिया था और उसकी जगह घटिया स्तर का कोयला भरकर पीआईएल चांपा पहुंचाया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/26 के तहत धारा 316(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर गणेश कोल डिपो अमझर से बदला गया कोयला बरामद किया। मौके से तीन ट्रेलर और करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शेख सरफरोज (35 वर्ष) निवासी गढ़वा झारखंड, अजमत अंसारी (32 वर्ष) निवासी गढ़वा झारखंड तथा रामचन्द्र (30 वर्ष) निवासी सोनभद्र उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय तथा थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
