
राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू,
जिला सूरजपुर छत्तीसगढ़।।
सूरजपुर, दिनांक 13 जुलाई। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित चंदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं और जमीन खरीद-फरोख्त में कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर सोमवार को सूरजपुर में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज डालमिया एवं ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष जफर हैदर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से अग्रसेन चौक तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए अपनी आस्था और विश्वास के साथ चंदा दिया था, लेकिन अब सामने आ रहे कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों ने लोगों के विश्वास को झटका दिया है। उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होती है तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता बनाए रखना केंद्र सरकार और संबंधित ट्रस्ट की जिम्मेदारी है। उनका कहना था कि जनता यह जानना चाहती है कि मंदिर निर्माण के लिए जुटाई गई राशि का उपयोग किस प्रकार किया गया और कथित अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र जांच क्यों नहीं कराई जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण की न्यायिक अथवा उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, शहर कांग्रेस संगठन महामंत्री मनोज अग्रवाल, हेमेंद्र गुप्ता, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
