
बिलासपुर। महामंद बाजार में वसूली करने की धमकी देकर मारपीट और पैसे की मांग करने वाले आदतन बदमाश को तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार महामंद निवासी राजेन्द्र यादव पंचायत की ओर से महामंद बाजार के संचालन और देखरेख का कार्य करते हैं। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि 12 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे आदतन बदमाश संजय पाण्डेय बाजार पहुंचा और स्वयं बाजार की वसूली करने की बात कहते हुए उनसे विवाद करने लगा।
आरोप है कि संजय पाण्डेय ने राजेन्द्र यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा उनसे पैसों की मांग की। घटना के बाद पीड़ित ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रजनीश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 13 जुलाई को महामंद क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी संजय पाण्डेय (58 वर्ष), निवासी लालखदान, थाना तोरवा, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 383/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और 119(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तोरवा पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
