ग्राहक बनकर आया युवक, महिला का मंगलसूत्र लूटकर फरार

के थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लारीपारा में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। किराना दुकान संचालित करने वाली एक महिला से सिगरेट खरीदने के बहाने पहुंचे नकाबपोश युवक ने गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया और बाइक से फरार हो गया। लूटे गए मंगलसूत्र की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लारीपारा निवासी राम प्यारी साहू माताचौरा के पास किराना दुकान संचालित करती हैं। बुधवार दोपहर करीब 2:10 बजे वह दुकान में बैठी थीं, तभी बाइक सवार एक युवक वहां पहुंचा। युवक ने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और दुकान के भीतर दाखिल हुआ। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा बांध रखा था।

बताया जा रहा है कि युवक ने पहले सिगरेट मांगी। महिला के सामान निकालने के दौरान आरोपी अचानक उनके करीब पहुंचा और गले में पहना सोने का मंगलसूत्र झपटकर मौके से फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकीं।

वारदात के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक से तेजी से भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन देर शाम तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!