
यूनुस मेमन
बिलासपुर। ग्राम मानिकपुर, पोस्ट केंदा, तहसील बैलगहना निवासी किसान न्याय मूर्ति सिंह के बैंक खाते से धान बिक्री की राशि की कथित अनधिकृत निकासी का मामला सामने आया है। मामले को लेकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने केंद्रीय सहकारी बैंक मर्यादित, बिलासपुर के अध्यक्ष को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और पीड़ित किसान को राशि वापस दिलाने की मांग की है।
पत्र के अनुसार किसान न्याय मूर्ति सिंह ने 13 मई 2026 को आवेदन देकर शिकायत की थी कि धान विक्रय से प्राप्त राशि उनके जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, शाखा कोटा स्थित खाते में जमा हुई थी। आरोप है कि उनकी जानकारी, अनुमति और हस्ताक्षर के बिना 5 मार्च 2026 को खाते से 55,500 रुपये तथा 6 मई 2026 को 1.80 लाख रुपये निकाल लिए गए। इस प्रकार कुल 2,35,500 रुपये की राशि की कथित अनधिकृत निकासी हुई।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि किसान ने इस संबंध में मंडी और बैंक अधिकारियों को कई बार अवगत कराया, लेकिन अब तक न तो राशि वापस मिली और न ही दोषियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। इससे किसान को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने बैंक प्रबंधन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने तथा किसान के खाते से निकाली गई 2.35 लाख रुपये की राशि शीघ्र वापस दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित किसान को जल्द न्याय मिलना चाहिए।
