
तालापारा क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से करोड़ों रुपये की जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने चार चेक देने का भरोसा दिलाकर करीब 1.90 करोड़ रुपये की जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली और बाद में रकम दिए बिना फरार हो गया। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोंड़पारा साईं मंदिर के पास रहने वाली मंजूलता आनंद (60) की तालापारा स्थित पैतृक जमीन का सौदा 1 करोड़ 90 लाख 86 हजार रुपये में तय हुआ था। खरीददार ने खुद को भारतीय नगर निवासी अंकित कुमार एक्का बताया और जमीन खरीदने की इच्छा जताई। इसके बाद 19 मार्च को पंजीयक कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।
बताया जा रहा है कि रजिस्ट्री दस्तावेज में चार चेक दिए जाने का उल्लेख भी किया गया था, ताकि सौदा पूरी तरह वैध दिखाई दे। रजिस्ट्री के बाद आरोपी ने बुजुर्ग महिला को भरोसा दिलाया कि वह चारों चेक उनके बैंक खाते में जमा करा देगा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी न तो रकम लेकर आया और न ही चेक सौंपे। जब उन्होंने संपर्क करने का प्रयास किया तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और मिलने से भी इनकार कर दिया। आरोप है कि रजिस्ट्री के तुरंत बाद आरोपी ने अधिकारियों को गुमराह कर जमीन का नामांतरण भी अपने नाम करा लिया।
करीब दो महीने तक परेशान रहने के बाद पीड़िता ने बुधवार को में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
