पोस्ट ऑफिस के सहायक डाकपाल ने किया 19 लाख का गबन, शेयर मार्केट और जुए की लत ने बनाया आरोपी

शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना पुलिस ने पोस्ट ऑफिस में पदस्थ एक सहायक डाकपाल को 19 लाख 21 हजार रुपये के गबन और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शेयर मार्केट में नुकसान और जुए की लत के चलते खाताधारकों के पैसे का गबन किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार अकलतरा डाकघर में गबन की शिकायत मिलने पर संयुक्त जांच टीम गठित की गई थी। जांच में सामने आया कि सहायक डाकपाल संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष), निवासी बलौदा, ने फर्जी तरीके से खाताधारकों के खातों से रकम निकालकर कुल 19 लाख 21 हजार रुपये का गबन किया।

जांच में पता चला कि आरोपी पर करीब 20 लाख रुपये का कर्ज था। शेयर मार्केट में लगातार नुकसान और जुए की लत के कारण वह आर्थिक संकट में आ गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2021 से शेयर ट्रेडिंग कर रहा था और नुकसान होने पर विभिन्न बैंकों तथा पोस्ट ऑफिस विभाग से लोन लिया था। आरोपी ने अलग-अलग बैंकों से लगभग 12 लाख रुपये और पोस्ट ऑफिस विभाग से भी करीब 12 लाख रुपये का ऋण लिया था।

कर्ज बढ़ने के बाद आरोपी ने पोस्ट ऑफिस के ग्राहकों के फर्जी खाते खोलकर चार खातों से रकम निकाल ली। वह इस रकम का उपयोग लोन की किस्त चुकाने, शेयर मार्केट में निवेश करने और जुआ खेलने में कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, ग्रो एप और एंजल एप के डिमैट अकाउंट के स्टेटमेंट जब्त किए हैं। जांच में करीब 40 लाख रुपये शेयर मार्केट में गंवाने और 20 लाख रुपये से अधिक के लोन लेने के दस्तावेज भी मिले हैं।

मामले में अकलतरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक स्वाती गिरोलकर और आरक्षक राजा रात्रे की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!