

बिलासपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्र में, खासकर ग्रामीण थानों में दुष्कर्म के मामले लगभग हर दिन दर्ज किए जाते हैं लेकिन ऐसे मामलों में बहुतायत संख्या उन मामलों की होती है जिसमें कोई प्रेमी अनजाने में नाबालिग प्रेमिका को भगा कर ले जाता है और फिर दुष्कर्म का आरोपी बन जाता है, लेकिन बेलगहना चौकी क्षेत्र में दुष्कर्म का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, एक 20 वर्षीय युवक ने 10 साल की मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया।
बेलगहना निवासी 20 वर्षीय रंजीत यादव उर्फ दाऊआ ने पड़ोस में रहने वाली 10 वर्षीय बालिका को घूमा कर लाने का झांसा दिया और अपनी मोटरसाइकिल में बिठाकर सक्ति बहरा के सुनसान खेत में ले गया जहां उसने मासूम के साथ रात भर जबरन दुराचार किया और फिर अगले दिन सुबह उसे उसके घर छोड़ दिया। इधर घर वाले बिटिया के अचानक गायब हो जाने से परेशान थे और रात भर उसे तलाशते रहे। सुबह बेटी घर पहुंची तो उसने पूरा हाल कह सुनाया। परिजन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई । पुलिस ने बलात्कार और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने पहुंची तो वह पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर भाग गया। काफी मशक्कत के बाद जंगल की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश की गई। जंगल काफी घना और फैला हुआ था, लिहाजा पुलिस को बलात्कारी को ढूंढने के लिए ड्रोन की मदद भी लेनी पड़ी। आखिरकार वह पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। पकड़े जाने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
