
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.1 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 10.55 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा के हनुमान चौक स्थित देवांगन पारा में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना चांपा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां एक युवक कागज की पुड़िया में गांजा बेचते हुए मिला। पूछताछ में उसने अपनी पहचान वीरेन्द्र देवांगन (28 वर्ष) निवासी हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा के रूप में बताई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चार पैकेट और दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 21.1 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना चांपा के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
