
यूनुस मेमन

पुलिस ने तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर लोगों से रकम लेकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का सदस्य बताकर करीब 75 लोगों से एक लाख से अधिक रुपये वसूले थे।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी हेमंत साहू निवासी ग्राम गोंदईया ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम झझपुरीकला निवासी होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत ने अयोध्या दर्शन कराने का झांसा देकर ग्राम गोंदईया और बछालीखुर्द के लोगों से करीब एक वर्ष पहले पैसे लिए थे। आरोपी ने लोगों को तीर्थ यात्रा नहीं कराई और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने लगभग 75 लोगों से कुल 1,12,575 रुपये की राशि ली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना रतनपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने आरोपी होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत (32 वर्ष), निवासी झझपुरीकला थाना लोरमी जिला को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह और आरक्षक बिजेंद्र रात्रे की विशेष भूमिका रही।
