पत्नी दो मासूम बेटियों को लेकर लापता, पति ने दर्ज कराई गुमशुदगी

सक्ती। जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कचंदा से एक महिला अपनी दो मासूम बेटियों को लेकर घर से लापता हो गई है। पति की शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कचंदा निवासी कमल प्रसाद चंद्रा (33) पिता रामाधार चंद्रा ने थाना जैजैपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी शादी करीब सात वर्ष पहले ग्राम बोरसी निवासी राजेश्वरी चंद्रा से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें परिधि चंद्रा (7 वर्ष) और डिम्पल चंद्रा (2 वर्ष) शामिल हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक 17 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे कमल प्रसाद अपने भाई लाकेश कुमार चंद्रा के घर बिलासपुर जाने के लिए निकला था। घर में उसकी पत्नी राजेश्वरी और दोनों बेटियां मौजूद थीं। करीब 11 बजे उसके पिता रामाधार चंद्रा ने फोन कर जानकारी दी कि राजेश्वरी दोनों बच्चियों को लेकर बिना बताए बस में बैठकर कहीं चली गई है।

सूचना मिलने पर कमल प्रसाद तत्काल बिलासपुर से वापस गांव पहुंचा और रिश्तेदारों सहित आसपास के गांवों में खोजबीन की, लेकिन 20 मई तक पत्नी और बच्चों का कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस ने बताया कि लापता महिला का रंग सांवला, चेहरा गोल, कद करीब 5 फीट, लंबे काले बाल और दुबला-पतला शरीर है। महिला घर से निकलते समय लाल रंग की साड़ी और ब्लाउज पहने हुई थी। वह कक्षा दसवीं तक शिक्षित है तथा हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।

पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 32/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला और दोनों बच्चियों की तलाश के लिए सभी थाना-चौकी प्रभारी तथा डीसीबी शाखा सक्ती को सूचना भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!