मुंगेली जिले में डायल 112 सेवा का शुभारंभ, 7 नए आपातकालीन वाहन थानों के लिए रवाना

मुंगेली, 20 मई 2026। आम जनता को त्वरित पुलिस सहायता एवं आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में डायल 112 सेवा वाहनों का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट जनदर्शन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री पुन्नू लाल मोहले, जिला कलेक्टर कुंदन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की उपस्थिति में डायल 112 सेवा के लिए 7 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि भारत सरकार के गृहमंत्री के निर्देशन में देश एवं प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डायल 112 सेवा का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में कुल 400 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स तैयार किए गए हैं, जिनमें अत्याधुनिक कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस डिवाइस, मोबाइल डाटा टर्मिनल तथा स्मार्ट मोबाइल फोन जैसे उपकरण लगाए गए हैं।

मुंगेली जिले के थाना सिटी कोतवाली मुंगेली, जरहागांव, सरगांव, फास्टरपुर, लोरमी, चिल्फी एवं लालपुर पथरिया सहित कुल 7 थाना क्षेत्रों में डायल 112 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों के माध्यम से सड़क दुर्घटना, विवाद, मारपीट, महिला सुरक्षा, आगजनी तथा अन्य आपात स्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि डायल 112 सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अब आम नागरिक पुलिस, एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए एक ही नंबर 112 पर कॉल कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि डायल 112 सेवा आम जनता और पुलिस के बीच त्वरित समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनेगी। कॉल प्राप्त होते ही लोकेशन ट्रेस कर सहायता टीम को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा, जिससे पीड़ितों को शीघ्र राहत मिल सकेगी तथा जिले में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डायल 112 सेवा को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए पुलिस विभाग एवं प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!