बिलासपुर की श्रद्धा वैष्णव भारतीय महिला डेफ क्रिकेट टीम में चयनित, श्रीलंका दौरे में दिखाएंगी दम, पहली अंतरराष्ट्रीय महिला बधिर टी20 श्रृंखला में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी शहर की बेटी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ और बिलासपुर के लिए गर्व की बात है कि शहर की प्रतिभाशाली लेफ्ट आर्म स्पिनर श्रद्धा वैष्णव का चयन भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम में हुआ है। श्रद्धा अब श्रीलंका के खिलाफ होने वाली ऐतिहासिक पांच मैचों की महिला बधिर टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) ने श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय महिला बधिर टीम की घोषणा कर दी है। यह द्विपक्षीय टी20 श्रृंखला 7 जुलाई से 13 जुलाई 2026 तक श्रीलंका के डी सोयसा पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी।

इस श्रृंखला को बधिर क्रिकेट के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह विश्व स्तर पर आयोजित होने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय महिला बधिर क्रिकेट श्रृंखला होगी। ऐसे ऐतिहासिक आयोजन में बिलासपुर की बेटी श्रद्धा वैष्णव का भारतीय टीम में चयन शहर और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बन गया है।

श्रद्धा वैष्णव अपनी शानदार लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी के लिए जानी जाती हैं। लगातार मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और अब भारतीय टीम में जगह हासिल कर ली है। उनके चयन से खेल जगत और शहरवासियों में खुशी का माहौल है।

भारतीय महिला बधिर टीम की कप्तानी दिल्ली की काजल धवन को सौंपी गई है, जबकि मुंबई की नीदा ज़बी इकरामुद्दीन शेख उपकप्तान होंगी। टीम में देशभर के विभिन्न राज्यों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।

दिल्ली में लगेगा प्रशिक्षण शिविर

श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय महिला टीम का तैयारी एवं कोचिंग शिविर 1 जुलाई से 6 जुलाई 2026 तक दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। शिविर में खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

श्रृंखला का कार्यक्रम

8 जुलाई 2026 — पहला टी20

9 जुलाई 2026 — दूसरा टी20

10 जुलाई 2026 — तीसरा टी20

12 जुलाई 2026 — चौथा टी20

13 जुलाई 2026 — पांचवां टी20

सभी मुकाबले श्रीलंका के डी सोयसा पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित जैन और सचिव रोहित सैनी ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।

श्रद्धा वैष्णव के चयन से बिलासपुर में खेल प्रतिभाओं को नया उत्साह मिला है। खेल प्रेमियों का कहना है कि श्रद्धा आने वाले समय में देश और प्रदेश का नाम और रोशन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!