


बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र की मोपका चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 किलो गांजा के साथ 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो इलेक्ट्रिक ऑटो और करीब 46 लाख 75 हजार रुपए कीमत का गांजा जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 17-18 मई 2026 की दरम्यानी रात करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो इलेक्ट्रिक ऑटो में कुछ महिलाएं रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से सीपत की तरफ भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रही हैं। सूचना मिलते ही मोपका चौकी पुलिस ने हमराह स्टाफ, गवाहों और ACCU टीम के साथ बिलासपुर-सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।


कार्रवाई के दौरान दो इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक CG 10 BS 7574 और CG 10 CC 3813 को रोककर जांच की गई। जांच में ऑटो में रखी आठ प्लास्टिक बोरियों और कपड़ों के गट्ठरों से खाकी टेप में लिपटे 86 पैकेट गांजा बरामद किए गए। जब्त गांजा का कुल वजन करीब 90 किलो बताया गया है।

पुलिस ने मामले में 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। सभी आरोपी सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी की रहने वाली बताई गई हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 716/26 के तहत धारा 20बी और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। मामले में आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चैन के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

