प्रेमिका के सामने टोका तो युवक ने लौटकर किया हमला, सरस्वती स्टील संचालक पर चाकू से वार

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के संचालक पर युवक ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में कारोबारी की जांघ में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर एक संदेही को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को सूचना मिली थी कि बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के मालिक गुड्डू मिश्रा पर किसी अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि सरस्वती स्टील में कार्यरत एक कर्मचारी को मालिक द्वारा रहने के लिए कमरा दिया गया था, जहां वह अपनी पत्नी के साथ रहता है। घटना के दिन कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ बाजार गया था और कमरे की चाबी अपने एक दोस्त को देकर गया था। उसका दोस्त अपनी प्रेमिका या मंगेतर को लेकर कमरे में पहुंचा हुआ था।

इसी दौरान सरस्वती स्टील के संचालक गुड्डू मिश्रा वहां पहुंचे और युवक को कमरे में इस तरह की गतिविधियां नहीं करने की समझाइश दी। बताया जा रहा है कि युवक उस समय “अब नहीं आएंगे” कहकर वहां से चला गया, लेकिन प्रेमिका के सामने टोके जाने से वह नाराज हो गया।

कुछ देर बाद युवक चाकू लेकर वापस आया और “चाचा दरवाजा खोलो” कहकर दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही उसने गुड्डू मिश्रा पर चाकू से हमला कर दिया और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। हमले में गुड्डू मिश्रा की जांघ में घुटने के ऊपर चोट आई है।

घटना के संबंध में सिरगिट्टी थाना में अपराध क्रमांक 363/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 333, 351(3), 118(1) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस ने मामले में एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!