

बिलासपुर। “दर्द उन्हें भी होता है” इसी संवेदनशील सोच के साथ सामाजिक संस्था टीम मानवता ने रविवार को पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया। संस्था के इको संडे अभियान के तहत मोपका चौक से बसंत विहार चौक तक दाहिनी ओर के मार्ग पर सघन पोस्टर एवं कील मुक्ति अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान टीम के सदस्यों ने पेड़ों पर ठोकी गई लोहे की कीलों, तारों और विज्ञापन पोस्टरों को हटाकर पेड़ों को नुकसान से मुक्त किया। संस्था के सदस्यों ने कहा कि व्यावसायिक प्रचार-प्रसार के लिए लोग जीवित पेड़ों का उपयोग विज्ञापन बोर्ड की तरह कर रहे हैं, जिससे उन्हें गंभीर क्षति पहुंच रही है।
टीम मानवता के सदस्यों ने बताया कि पेड़ों में ठोकी गई कीलों और तारों के कारण उनमें संक्रमण फैलने लगता है। इससे पेड़ अंदर ही अंदर कमजोर और खोखले हो जाते हैं, जिसके कारण वे समय से पहले सूखकर गिर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ पर्यावरण का आधार हैं और उनका संरक्षण करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
संस्था ने इस अभियान को केवल सफाई कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जनजागरूकता का प्रयास बताया। टीम का कहना है कि छोटे-छोटे प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण की बड़ी दिशा तैयार होती है।
रविवार को आयोजित इस अभियान में मनोज मिश्रा, शशि मिश्रा, अभिषेक शर्मा और अभिषेक ठाकुर सहित टीम मानवता के कई सदस्य शामिल रहे।
