दूध बाजार में बढ़ी प्रतिस्पर्धा, देवभोग ने नहीं बढ़ाए दाम; आधा लीटर दूध 29 रुपए में मिलेगा

बिलासपुर। शहर में पॉली पैक दूध की कीमतों को लेकर कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। अमूल के बाद दिनशा, वचन और गाया ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए हैं, लेकिन मदर डेयरी प्रबंधन के अधीन संचालित देवभोग ने इस बार बाजार रणनीति अपनाते हुए कीमतें नहीं बढ़ाई हैं। कंपनी ने आधा लीटर दूध का दाम 29 रुपए पर ही कायम रखा है।

जानकारी के अनुसार, इनपुट कॉस्ट, ट्रांसपोर्टेशन और पैकेजिंग खर्च बढ़ने का हवाला देते हुए अमूल ने 14 मई से दूध 2 रुपए प्रति लीटर महंगा कर दिया। इसके बाद 15 मई को दिनशा, वचन और गाया ने भी अपने दाम बढ़ा दिए। दिनशा का आधा लीटर पॉली पैक दूध 28 रुपए से बढ़कर 29 रुपए हो गया, जबकि वचन और गाया का दूध 29 रुपए से बढ़कर 30 रुपए प्रति आधा लीटर पहुंच गया। ज्यादा फैट वाले दूध के दामों में भी वृद्धि की गई है।

इसके विपरीत देवभोग ने अपने दूध की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं नंदनम और इनश्योर ने भी फिलहाल रेट नहीं बढ़ाए हैं। इन दोनों कंपनियों का आधा लीटर दूध अभी 28 रुपए में मिल रहा है। इससे शहर के बाजार में महंगे और सस्ते ब्रांड्स के बीच सीधी प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है।

कभी इसी रणनीति से नंबर-1 बनी थी दिनशा

बिलासपुर के दूध बाजार में कभी एबिश का दबदबा हुआ करता था, लेकिन लंबे समय तक कीमत नहीं बढ़ाने की रणनीति के चलते दिनशा ने बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना ली और नंबर-1 ब्रांड बन गई। अब दिनशा ने भी कीमतें बढ़ा दी हैं। ऐसे में देवभोग ने भी उसी फॉर्मूले पर काम करते हुए बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने पर फोकस किया है।

मध्यमवर्ग और चाय व्यवसायी बदल सकते हैं ब्रांड

बाजार विश्लेषकों का मानना है कि यदि देवभोग सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क मजबूत कर लेता है तो मध्यमवर्गीय परिवारों और चाय व्यवसायियों का रुझान उसकी ओर बढ़ सकता है। इससे शहर के दूध बाजार का समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।

जिले में रोजाना पॉली पैक दूध की बिक्री

  • दिनशा (नागपुर) – 7000 लीटर
  • देवभोग (बिलासपुर) – 5000 लीटर
  • अमूल (दुर्ग) – 3500 लीटर
  • वचन (बेमेतरा) – 1000 लीटर
  • इनश्योर (बिलासपुर) – 1000 लीटर
  • गाया (महासमुंद) – 700 लीटर
  • नंदनम (बिलासपुर) – 500 लीटर

(आंकड़े डिस्ट्रीब्यूटरों के अनुसार, टेट्रा पैक शामिल नहीं)

देवभोग के विपणन अधिकारी प्रशांत राठौर ने कहा कि फिलहाल कंपनी का पूरा फोकस बिक्री बढ़ाने पर है और अभी कीमत बढ़ाने को लेकर कोई निर्देश नहीं मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार दूध के दाम नहीं बढ़ाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!