बाइक टकराने के बाद विवाद, लाठी-डंडे और बेल्ट से हमला; दो युवक गंभीर

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर सड़क हादसे के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों पर बेल्ट, लाठी-डंडे, ईंट और लोहे की वस्तु से हमला कर दिया गया। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पचपेड़ी निवासी प्रभाकर मार्शल चौकसे कॉलेज में बी. फार्मेसी का छात्र है। वह रविवार को परिवार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गांव आया था। दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ बाइक से समाज की महिलाओं को कार्यक्रम की सूचना देने निकला था।

इसी दौरान पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। शिकायत के मुताबिक, बाइक धीरे चलाने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बादल जांगड़े ने बेल्ट निकालकर मारपीट शुरू कर दी।

इसके बाद विक्की जांगड़े, विकास मार्शल और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे, लोहे की वस्तु तथा ईंट से हमला कर दिया। हमले में प्रभाकर मार्शल के सिर के पीछे गंभीर चोट आई है। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय के सिर, कान, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पचपेड़ी पुलिस ने बादल जांगड़े, विक्की जांगड़े, विकास मार्शल, सरोज जांगड़े समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!