

डायल-112 सेवा का विस्तार अब पूरे राज्य में होने जा रहा है, जो वर्तमान में 16 जिलों में संचालित है। 400 से अधिक अत्याधुनिक वाहन प्रदेश की जनता की सेवा के लिए तैयार हैं, जिन्हें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 मई को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
आधुनिक तकनीकों, हाई सिक्योरिटी फीचर्स और सीसीटीवी सुविधाओं से लैस ये वाहन पुलिस एवं आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक तेज और प्रभावी बनाएंगे।
सुरक्षित छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
बिलासपुर को मिलेंगे अत्याधुनिक डायल-112 वाहन, 24 अधिकारी-कर्मचारी रायपुर में करेंगे प्राप्त
बिलासपुर। आम जनता की सुरक्षा और त्वरित पुलिस सहायता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर जिले को संसाधनों से सुसज्जित नए डायल-112 वाहन मिलने जा रहे हैं। इन वाहनों का वितरण रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के हाथों प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए कुल 383 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
बिलासपुर पुलिस की ओर से 24 अधिकारी और कर्मचारी रायपुर पहुंचेंगे, जो जिले के लिए आवंटित डायल-112 वाहन प्राप्त करेंगे। पुलिस विभाग का कहना है कि डायल-112 आम लोगों के लिए “लाइफ लाइन” और सुरक्षा का भरोसा बन चुकी है। सड़क दुर्घटना, आपात स्थिति, अपराध या अन्य संकट के समय यह सेवा तेजी से लोगों तक मदद पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नए वाहनों से आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और अधिक प्रभावी होगी। इन वाहनों में तैनात अधिकारी और कर्मचारी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ 24 घंटे जनता की सेवा में तत्पर रहेंगे।
जिला पुलिस बिलासपुर ने इस पहल के लिए राज्य शासन का आभार जताते हुए कहा है कि आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। पुलिस कर्मी पूरी निष्ठा और कर्तव्यबोध के साथ 24×7 सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
