तारबाहर वार्ड उपचुनाव : कांग्रेस ने मोहम्मद आजम को बनाया प्रत्याशी

बिलासपुर। नगर निगम के तारबाहर वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) में होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने पूर्व बीडीए अध्यक्ष स्वर्गीय शेख गफ्फार के भतीजे और पूर्व पार्षद स्वर्गीय शेख असलम के पुत्र मोहम्मद आजम को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने एक बार फिर गफ्फार परिवार पर भरोसा जताते हुए मुस्लिम प्रत्याशी को प्राथमिकता दी है।

1 जून को होने जा रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने जहां अपने पत्ते खोल दिए हैं, वहीं भाजपा ने अब तक प्रत्याशी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। जानकारी के अनुसार भाजपा ने अभी तक उम्मीदवार चयन को लेकर कोई औपचारिक बैठक भी नहीं की है।

कांग्रेस की ओर से टिकट के लिए पांच नेताओं ने दावेदारी पेश की थी। इनमें अब्दुल तस्लीम, सोहैल खालिक, सुनील पाली और जयपाल निर्मलकर शामिल थे। प्रत्याशी चयन के लिए कांग्रेस ने 11 सदस्यीय चयन समिति गठित की थी। समिति ने वार्ड के वरिष्ठ नेताओं, बूथ एवं मंडल प्रभारियों से रायशुमारी करने के साथ जमीनी सर्वेक्षण भी कराया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक जिताऊ फैक्टर, स्थानीय स्वीकार्यता और संगठनात्मक समर्थन के आधार पर मोहम्मद आजम का नाम सबसे मजबूत माना गया, जिसके बाद उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।

कांग्रेस द्वारा मोहम्मद आजम को टिकट दिए जाने के पीछे तीन प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। पहला, तारबाहर वार्ड में पिछले करीब ढाई दशकों से गफ्फार परिवार का मजबूत जनाधार रहा है। दूसरा, पूर्व पार्षद स्वर्गीय शेख असलम के असामयिक निधन के बाद क्षेत्र में सहानुभूति का माहौल है, जिसे पार्टी चुनावी समर्थन में बदलना चाहती है। तीसरा, संगठनात्मक स्तर पर आजम को स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का व्यापक समर्थन मिला है।

अब कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा के बाद भाजपा के उम्मीदवार चयन पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!