
शशि मिश्रा

सीपत थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी सीपतटाउनशिप में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब संस्कृति क्लब परिसर के पंप हाउस में एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम वेद परसदा निवासी प्रभात कुमार यादव (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एनटीपीसी टाउनशिप में प्लंबर के रूप में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारी, सीआईएसएफ के जवान और सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रभात कुमार यादव पिछले करीब 15 दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहा था। उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था और कई दिनों से ड्यूटी में अनुपस्थित चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी एनटीपीसी के एक कर्मचारी के निवास पर घरेलू सर्वेट के रूप में कार्य करती है।
