बंद खाते का चेक देकर किसान से 4 लाख की ठगी, धान व्यापारी पर मामला दर्ज

बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम केवटाडीह भुतहा में एक किसान के साथ धान खरीदी के नाम पर चार लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी व्यापारी ने किसान से 143 क्विंटल धान खरीदने के बाद भुगतान के लिए बंद खाते का चेक थमा दिया। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम केवटाडीह भुतहा निवासी किसान सोनू गौरहा (40) ने जनवरी माह में पामगढ़ निवासी धान व्यापारी राजेश कुमार साहू को 143 क्विंटल धान बेचा था। 2800 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान की कुल कीमत 4 लाख 400 रुपए तय हुई थी।

धान लेने के बाद आरोपी व्यापारी लंबे समय तक भुगतान टालता रहा। जब किसान ने रकम के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने 20 फरवरी की शाम ग्राम केवटाडीह स्थित शनि मंदिर के पास गवाहों की मौजूदगी में 4 लाख रुपए का चेक दिया।

पीड़ित किसान ने 5 मई को बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मल्हार शाखा में चेक जमा किया, लेकिन अगले ही दिन बैंक ने चेक को अमान्य दस्तावेज बताते हुए वापस कर दिया। इसके बाद 11 मई को किसान इलाहाबाद बैंक, जो अब इंडियन बैंक के नाम से संचालित है, की कोसला शाखा पहुंचा। वहां बैंक कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी राजेश कुमार साहू का संबंधित खाता 29 अक्टूबर 2024 से ही बंद है।

बैंक से जानकारी मिलने के बाद किसान को एहसास हुआ कि आरोपी ने जानबूझकर धोखाधड़ी के इरादे से बंद खाते का चेक दिया था। इसके बाद उसने पचपेड़ी थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित सोनू गौरहा का आरोप है कि शनिवार को जब वह शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा था, उसी दौरान आरोपी राजेश कुमार साहू भी वहां आ गया और पुलिस के सामने ही उसे देख लेने की धमकी देने लगा। घटना के बाद से किसान और उसका परिवार डरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!