
बिलासपुर। शिवघाट बराज के दूसरे छोर कुदुदंड क्षेत्र में शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान एक कब्जाधारी महिला ने निगम कर्मचारियों पर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया, जिससे अतिक्रमण शाखा के कर्मचारी अविनाश कुमार घायल हो गए। पुलिस की मौजूदगी में करीब एक घंटे तक चले हंगामे और विरोध के बाद निगम ने 6 अवैध कच्चे मकानों को जमींदोज कर दिया।
नगर निगम अतिक्रमण शाखा के प्रभारी संतोष वर्मा ने बताया कि शिवघाट बराज के एप्रोच रोड निर्माण में ये मकान बाधा बने हुए थे। सभी निर्माण शासकीय जमीन पर किए गए थे। कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के लिए पांच बार नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
शनिवार को निगम की टीम पुलिस बल के साथ कार्रवाई करने पहुंची तो कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान शीला सोनी ने विरोध स्वरूप अपना पालतू कुत्ता निगम कर्मचारियों पर छोड़ दिया। कुत्ते के हमले में कर्मचारी अविनाश कुमार के हाथ और पैर में चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस ने स्थिति संभाली और निगम ने बुलडोजर चलाकर सभी अवैध निर्माण हटा दिए। कार्रवाई के दौरान निगम और पुलिस कर्मचारियों के साथ कब्जाधारियों की झूमाझटकी भी हुई।
निगम प्रशासन के अनुसार जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें शीला सोनी पति विनोद सोनी, अनिता मिश्रा पति विष्णु मिश्रा, नंदनी निर्मलकर पति मनोज निर्मलकर, ललिता निर्मलकर पति मनोज निर्मलकर, कुमारी बाई यादव पति केजवा यादव और दीना बाई निर्मलकर पति राजकुमार शामिल हैं।
निगम का कहना है कि संबंधित 6 परिवारों को पहले ही कोनी स्थित आईएचएसडीपी आवास योजना के तहत मकान आवंटित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद उन्होंने शासकीय भूमि पर कब्जा कर रखा था।
अतिक्रमण हटने के बाद अब शिवघाट बराज से कुदुदंड की ओर बनने वाले एप्रोच रोड का निर्माण कार्य तेजी से किया जाएगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों की आवाजाही आसान हो सकेगी।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी संतोष वर्मा, शिव जायसवाल सहित पुलिस और निगम का अमला मौजूद रहा।
