व्यापार विहार में नकली सामान बेचने वालों पर सख्त हुआ मर्चेंट एसोसिएशन, दोषी पाए जाने पर खत्म होगी सदस्यता

बिलासपुर। व्यापार विहार थोक मंडी में हाल के दिनों में नकली इनो, एवरेस्ट मसाला और सर्फ जैसे उत्पाद पकड़े जाने के मामलों के बाद बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन ने सख्त रुख अपनाया है। मंडी की साख पर असर पड़ने से चिंतित एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि नकली सामान बेचते पाए जाने वाले व्यापारियों की सदस्यता समाप्त कर दी जाएगी। साथ ही ट्रांसपोर्टरों से भी ऐसे व्यापारियों का माल लोड नहीं करने की अपील की जाएगी।

मर्चेंट एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में यह फैसला लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष नानकराम खटूजा ने कहा कि व्यापार विहार प्रदेश की प्रमुख थोक मंडियों में शामिल है, जहां प्रतिदिन करोड़ों रुपए का कारोबार होता है। अधिकांश व्यापारी प्रतिष्ठित कंपनियों से अधिकृत रूप से माल मंगाते हैं, लेकिन कुछ व्यापारियों की कथित गड़बड़ियों से पूरी मंडी की छवि खराब हो रही है।

उन्होंने कहा कि एसोसिएशन नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ प्रशासन के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यापारी नकली माल बेचते हुए पकड़ा जाता है, तो उसकी सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी जाएगी। इसके अलावा ट्रांसपोर्टरों से भी ऐसे व्यापारियों का माल लोड नहीं करने के लिए कहा जाएगा, जिससे वे मंडी से माल बाहर नहीं भेज सकेंगे।

जानकारी के अनुसार व्यापार विहार में करीब 380 से 450 व्यापारी सदस्य हैं, जो तेल, अनाज, आलू-प्याज और मनिहारी कारोबार से जुड़े हुए हैं। नकली सामान के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंगलवार को व्यापारियों की विशेष बैठक बुलाई गई है। बैठक में व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी जाएगी कि नकली माल की बिक्री तत्काल बंद करें, अन्यथा उन्हें एसोसिएशन से बाहर कर दिया जाएगा।

एसोसिएशन ने प्रशासन का ध्यान नकली सामान की सप्लाई चेन की ओर भी आकर्षित किया है। अध्यक्ष नानकराम खटूजा ने कहा कि व्यापारी दुकान में नकली सर्फ या इनो तैयार नहीं करता, बल्कि यह माल बाहर से सप्लाई होकर मंडी तक पहुंचता है। ऐसे में प्रशासन को नकली सामान के मूल स्रोत, फैक्ट्री और मुख्य सप्लायर तक पहुंचकर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि यह सामान बाजार तक पहुंचने से पहले ही रोका जा सके।

एसोसिएशन ने कहा कि जब भी प्रशासन की टीम सैंपल जांच के लिए मंडी पहुंचती है, व्यापारी पूरा सहयोग करते हैं। व्यापारियों का उद्देश्य साफ और पारदर्शी कारोबार बनाए रखना है, ताकि व्यापार विहार की विश्वसनीयता बनी रहे।

बैठक में सुनील सौंथलिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!